एनकाउंटर टाईम्स, जालंधर कैंट (गुलाटी) 30 अप्रैल को होने वाले चुनावों को लेकर भाजपा पूरी तरह से सक्रिय हो चुकी है, लेकिन इन चुनावों में भाजपा की जीत की राह इतनी आसान नहीं होगी। भाजपा कैंट मंडल के पुराने कार्यकर्ताओं को भाजपा हाईकमान द्वारा नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है। कुछ भाजपा कार्यकर्ता जो चुनाव मैदान में उतरने के लिए तैयार हैं ने नाम न छापने की शर्त में कहा कि अगर हाईकमान ने उनको टिकट न देकर नये शामिल हुए कार्यकर्ताओं को टिकट दी तो कई भाजपा कार्यकर्ता भाजपा का दामन छोड़ कर आजाद उम्मीदवार बतौर चुनाव मैदान में उतर सकते हैं। कैंट मंडल के कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं का मानना है कि कैंट बोर्ड के चुनाव लोकल रसूक व आपसी भाईचारे के तहत होते हैं न कि पार्टी निशान पर। लेकिन भाजपा हाईकमान उक्त बात को न मानकर पार्टी निशान पर चुनाव मैदान में उतरने की तैयारी में जुट चुकीं हैं। गौरतलब है कि भाजपा हाईकमान जालंधर कैंट के दो पूर्व पार्षदों को पार्टी में शामिल कर चुकी हैं। अब सब की नजर टिकटों पर टिकी हुई है कि किस कार्यकर्ता को किस वार्ड से टिकट मिलती है।













