एनकाऊंटर टाईम्स, जालंधर। जालंधर सैंट्रल हलके से प्रत्याशी मनोरंजन कालिया के लिए हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने वोट मांगे। इस दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को 5 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पंजाब यात्रा के दौरान सुरक्षा में हुई गंभीर चूक के बाद नैतिक आधार पर अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए था।जालंधर सेंट्रल से भाजपा प्रत्याशी मनोरंजन कालिया के समर्थन में आज यहां आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए ठाकुर ने कहा कि यह कानून-व्यवस्था की घोर विफलता है जहां देश के प्रधानमंत्री अपने सार्वजनिक कार्यक्रम स्थल पर नहीं पहुंच पाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री चन्नी नैतिक जिम्मेदारी लेने की बजाय इस पर शेखी बघारते रहे।जयराम ठाकुर ने लोगों से इस बार पंजाब में भाजपा को सरकार बनाने का मौका देने की अपील करते हुए कहा कि केंद्र में भाजपा की सरकार होने से पंजाब तेजी से विकास करेगा। उन्होंने कहा कि अब भी पंजाब को केंद्र से भारी आर्थिक मदद मिल रही है। उन्होंने कहा कि जालंधर स्मार्ट सिटी परियोजना के लिए केंद्र सरकार द्वारा 2000 करोड़ रुपये दिए गए हैं और फिर भी पंजाब सरकार इसका ठीक से उपयोग करने में विफल रही है। शहर में स्मार्ट सिटी जैसा कुछ भी नहीं दिखता।













