एनकांऊटर टाईम्स, जालंधर (गुलाटी) पंजाब में कुछ दिनों से पैदा हुए बिजली संकट से किसानों ने बड़ा ऐलान किया है। भारतीय किसान यूनियन (राजेवाल) ने जालंधर-दिल्ली नेशनल हाईवे जाम करने का ऐलान किया है। किसानों ने पीएपी चौक पर प्रदर्शन करेंगे और जाम करेंगे। इसी के चलते बड़ी संख्या में किसान पीएपी चौक, मैकडाँनल्स के निकट पहुंचने लगे हैं। इससे जालंधर से अमृतसर और लुधियाना की तरफ आवाजाही बंद रहेगी।
किसानों का कहना है कि जब तक पंजाब सरकार या बड़े अफसर कोई ठोस समाधान नही निकालते, उनका प्रदर्शन जारी रहेगा। भारतीय किसान यूनियन (राजेवाल) के जिला प्रधान मनदीप समरा, मुख्य प्रवक्ता जत्थेदार कश्मीर सिंह जंडियाला और जिला यूथ प्रधान अमरजोत सिंह ने कहा कि पंजाब सरकार किसानों को पर्याप्त बिजली उपलब्ध नहीं करवा रही है। जिसकी वजह से किसानों को फसल की बिजाई में दिक्कत हो रही है। इसके साथ ही आम जनता को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा रहा है।
किसानों के जाम की वजह से जालंधर से लुधियाना, राजपुरा, अंबाला, पानीपत और दिल्ली जाने का सीधा रास्ता बंद होगा। इसी तरह लुधियाना से सीधे हाईवे के जरिए जालंधर, अमृतसर जाने वालों का रास्ता बंद है। जालंधर से हाईवे के रास्ते चंडीगढ़ से भी लोग आ-जा नहीं सकते। वहीं, पीएपी चौक के पास प्रदर्शन शुरू होते ही जालंधर से अमृतसर, पठानकोट के रास्ते भी बंद हो जाएंगे।













