एनकाऊंटर टाईम्स, नई दिल्ली
पंजाब समेत देश के पांच राज्यों में चुनावी बिगुल बज गया है। मुख्य चुनाव आयुक्त सुशील चंद्र ने कहा कि पांच राज्यों की विधानसभा का कार्यकाल खत्म होने जा रहा है। 690 विधानसभा सीटों पर मतदान होने वाला है। कोरोना में चुनाव कराना महत्वपूर्ण है। इसके लिए नए प्रोटोकॉल बनाए गए हैं। कुछ तैयारियां भी की गई हैं। हमने इस बार तीन उद्देश्यों पर काम किया है। कोविड फ्री चुनाव, मतदाताओं की सहूलियत और अधिकतम मतदाताओं की भागीदारी।
कुल 690 विधानसभा सीटों पर होंगे चुनाव, यूपी की 403, पंजाब की 117, गोवा की 40, उत्तराखंड की 70 और मणिपुर की 60 सीटों पर होंगे चुनाव। चुनाव तैयारियों की समीक्षा की गई। कोरोना नियमों के साथ चुनाव कराएंगे। 18.34 करोड़ मतदाता इस बार चुनाव प्रक्रिया में हिस्सा लेंगे। इनमें 8.55 करोड़ महिलाएं हैं। सभी राज्यों में चुनाव कुल 7 चरणों में होंगे।
15 जनवरी तक किसी तरह की रैली, रोड शो और पदयात्रा नहीं होगी। नुक्कड़ सभा, बाइक रैली पर भी रोक। कैंपेन में कोविड प्रोटोकॉल का पालन करना जरूरी। घर-घर जाकर पांच लोगों को प्रचार करने की अनुमति। जीत के बाद विजय जुलूस पर रोक रहेगी।इसके अलावा रात आठ बजे से सुबह आठ बजे तक कोई प्रचार, जन संपर्क राजनीतिक पार्टियां नहीं कर सकेंगी। विजय जुलूस नहीं निकाला जा सकेगा। विजय उम्मीदवार दो लोगों के साथ प्रमाण पत्र लेने जाएंगे।चुनाव आयोग ने कहा है कि चुनाव प्रचार डिजिटल, वर्चुअल, मोबाइल के जरिए करें. फिजिकल प्रचार के पारंपरिक साधनों का इस्तेमाल कम से कम करें।
पंजाब में 14 फरवरी को होगी वोटिंग
चुनाव आयोग के मुताबिक सात चरणों में होंगे पांच राज्यों में चुनाव। उत्तर प्रदेश में 10 फरवरी को पहले दौर का मतदान। उत्तर प्रदेश में 7 चरणों में 10 फरवरी से 7 मार्च तक मतदान। पंजाब, उत्तराखंड और गोवा में 14 फरवरी को मतदान और मणिपुर में 27 फरवरी और 3 मार्च को मतदान। 10 मार्च को सभी राज्यों में मतगणना होगी। पंजाब में 21 जनवरी से नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी।













